छत्तीसगढ़ : कांग्रेस MLA के काफ़िले की गाड़ी पर हमला, मंत्री के क़रीबी सहित 3 कांग्रेसी नेता गिरफ्तार, पूरा मामला जानिए

अम्बिकापुर कोतवाली पुलिस ने विधायक बृहस्पत सिंह के काफिले के वाहन में तोड़फोड़ और जवानों के साथ गाली-गलौज करने के मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में सरगुजा जिले के लुंड्रा जनपद उपाध्यक्ष वीरभद्र सिंहदेव का नाम भी शामिल है।

दरअसल बीते शनिवार की रात रामानुजगंज विधायक बृहस्पत सिंह बलरामपुर से अम्बिकापुर आ रहे थे। इसी दौरान अम्बिकापुर शहर के बंगाली चौक के पास अज्ञात हमलावरों ने उनके फॉलो में लगे सुरक्षाकर्मियों की गाड़ी को रोक कर चाबी छीन लिया और जवानों के साथ गाली-गलौज करते हुए वाहन को तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया था।

इस घटना की शिकायत रात में ही विधायक बृहस्पत सिंह ने कोतवाली थाने में दर्ज कराई। इस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 341,186, 294, 506, 353, एट्रोसिटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया था।

वहीं आज कोतवाली पुलिस ने काफिले की गाड़ी पर हमला करने के मामले में लुंड्रा जनपद उपाध्यक्ष वीरभद्र सिंहदेव उर्फ़ सचिन सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार वीरभद्र सिंहदेव, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के काफ़ी क़रीबी माने जाते हैं।

इसे भी पढ़ें-

Big Breaking : कांग्रेस राज में कांग्रेसी विधायक के काफ़िले पर हमला, कांग्रेस के ही मंत्री के लोगों पर हमले का आरोप