Ambikapur News : अम्बिकापुर में शादी समारोह के दौरान फायरिंग, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दर्ज किया मामला

सरगुज़ा जिला मुख्यालय अम्बिकापुर में एक शादी समारोह के दौरान बंदूक से फायरिंग करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसे सरगुज़ा पुलिस ने संज्ञान लिया है। पुलिस ने इस संबंध में जानकारी दी है कि सोशल मीडिया एवं व्हाट्सएप्प पर वायरल न्यूज़ से जानकारी मिली की प्रतापपुर नाका स्थित एक निजी होटल में शादी समारोह आयोजन के दौरान 19 नवंबर को अज्ञात व्यक्ति के द्वारा बंदूक से फायरिंग की गई। उस दौरान वहां काफी लोग उपस्थित थे। अज्ञात व्यक्ति के द्वारा लापरवाही एवं उपेक्षा पूर्वक कृत्य से कोई गंभीर हादसा होने की प्रबल संभावना थी। अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 666/ 21 धारा 336 भा द वि पंजीबद्ध कर विवेचना कार्यवाही में लिया गया। है।

ये था मामला-

अम्बिकापुर शहर के एक निजी होटल में शादी का आयोजन था। इसमें शामिल होने बारात नगाड़े की धुन पर जा रही थी। इसी दौरान बारात में शामिल एक शख्स ने बंदूक से अंधाधुंध हवा में गोलियां चलानी शुरु कर दी। बंदूक से उसने 3 राउंड फायर किया, इस दौरान बारात में शामिल महिलाएं डांस में मशगुल रहीं तो अन्य बाराती मोबाइल पर वीडियो बनाने में व्यस्त रहे। गनीमत रही कि लापरवाही पूर्वक चलाई गई गोली से कोई अनहोनी नहीं हुई। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। गौरतलब है कि उत्साह में फायरिंग के दौरान कई बार ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं जिनमें लोगों को जान गंवानी पड़ी है।

दरअसल शहर के प्रतापपुर नाका स्थित एक निजी होटल में शादी का कार्यक्रम था। बाराती पक्ष के लोग होटल के गेट पर पहुंचे ही थे कि एक शख्स ने रायफल से एक के बाद एक 3 राउंड हवा में फायरिंग की। इस दौरान बारात में शामिल महिलाएं डांस करती रहीं और लोग वीडियो बनाते रहे। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि जिस लापरवाही पूर्वक शख्स ने हवाई फायरिंग की, उससे एक बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस प्रशासन को भी अब नजर रखने की आवश्यकता है।