जंगल से भटक कर गाँव पहुँचा जंगली हाथियों का 3 सदस्यीय दल, महिला को किया घायल…

सीतापुर- अनिल उपाध्याय

अम्बिकापुर:- जशपुर के बगीचा वनक्षेत्र से भटक कर गाँव पहुँचे जंगली हाथियों का तीन सदस्यीय दल ने महिला को घायल कर दिया।सुबह पांच बजे महिला घर से बाहर शौच के लिए गई थी।जहाँ उसका सामना जंगली हाथियों से हो गया।महिला संभल पाती उससे पहले जंगली हाथियों ने उसे सूंड से धक्का मार कर घायल कर दिया और जंगल की ओर चले गए।

इस संबंध में प्राप्त जानकारी अनुसार जशपुर जिले के बगीचा वनक्षेत्र से जंगली हाथियों का तीन सदस्यीय दल भटक कर लंगडासाड़ बीट होते हुए ग्राम गेरसा पहुँचे।जहाँ सुबह पाँच बजे शौच के लिए घर से बाहर गई मंदाकिनी पति त्रिलोचन आप्टे का जंगली हाथियों से आमना सामना हो गया।इस दौरान महिला खुद को संभाल पाती उससे पहले जंगली हाथी ने सूंड से हमला कर महिला को घायल कर दिया। इसके बाद खेतो में लगी फसलों को रौंदते हुए हाथी जंगल की ओर चले गए।जंगली हाथियों के हमले से महिला अंदरूनी रूप से घायल हो गई थी। जिसे परिजन उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुँचे।इस घटना की खबर मिलते ही वनपरिक्षेत्राधिकारी विजय तिवारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचे।जहाँ उन्होंने घायल महिला के परिजनों को उपचार हेतु पाँच हजार रुपए तात्कालिक सहायता राशि के रूप में प्रदान किया।फिलहाल वनपरिक्षेत्राधिकारी समेत परिक्षेत्र सहायक रमेश मंडावी सुनंदा सिंह लवकुश पांडेय अविनाश किंडो जुबेल बरवा कैलाश राम राजू बेक एवं अन्य वनकर्मियों द्वारा हाथी की सतत निगरानी की जा रही है।इस दौरान लोगो को भी जंगली हाथियों से सुरक्षा एवं बचाव के बारे में जानकारी दी जा रही है।

इस संबंध में वनपरिक्षेत्राधिकारी विजय तिवारी ने बताया कि पड़ोसी जिला जशपुर के बगीचा वनपरिक्षेत्र से विचरण करते हुए तीन सदस्यीय हाथियों का दल गेरसा सरगा एवं भारतपुर के जंगलों में विचरण कर रहा है।जंगली हाथियों ने एक महिला को अपना शिकार बनाते हुए घायल कर दिया है एवं फसलों को भी नुकसान पहुँचाया है।घायल महिला के परिजनों को उपचार हेतु पांच हजार की तात्कालिक सहायता राशि दी गई है।फसल की क्षति का आँकलन करा उसका भी मुआवजा प्रभावितों को दिलाया जायेगा।