Chhattisgarh News: शराब देने से मना किया तो बदमाशों ने महिला को गोली मार दी..

जशपुर। छत्तीसगढ़ में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें पुलिस का भय भी नहीं रह गया है। आए दिन चाकूबाजी, हत्या, बलात्कार जैसी वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है। इसी कड़ी में एक मामला जशपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र से सामने आया है। शुक्रवार की अलसुबह बाइक सवार 2 बदमाशों ने एक महिला को केवल इसलिए गोली मार दी, क्योंकि महिला ने कहा कि उसके पास शराब नहीं है। इतना सुनते ही बदमाशों ने महिला को दौड़ाना शुरु कर दिया, कुछ ही दूरी पर वह पकड़ी गई और युवकों ने जमीन पर पटक कर उसे गोली मार दी। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जशपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गायलुंगा निवासी मोहनी बाई पति भूलन 60 वर्ष शुक्रवार की सुबह 5 बजे अपने घर के आंगन में बैठी थी। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर 2 अज्ञात युवक वहां पहुंचे और उन्होंने वृद्ध महिला से शराब की मांग की। महिला ने कहा कि उसके पास शराब नहीं है, इतना सुनते ही युवक भडक़ गए और गाली-गलौज करते हुए महिला को पकडऩे लगे। युवकों की इस हरकत से डरकर वृद्ध महिला भागते हुए बाड़ी के गेट के पास पहुंच गई।

युवक जब महिला को दौड़ाने लगे तो वह ज्यादा दूर भाग नहीं पाई, इसी बीच युवकों ने बाड़ी के गेट के पास महिला को पकड़ लिया और जमीन पर पटककर गोली मार दी। गोली महिला के आंख के पास और नाक के नीचे लगी है। गोली की आवाज सुनकर परिजन व मोहल्ले के लोग दौड़े तो युवक वहां से फरार हो गए।

गोली लगने से महिला गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई। उसे तत्काल कुनकुरी के होलीक्रॉस अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। सूचना पर नारायणपुर थाना प्रभारी जीवनलाल जांगड़े मौके पर पहुंचे और अज्ञात युवकों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उनकी खोजबीन शुरु कर दी है। युवकों ने महिला को क्यों गोली मारी, इसकी भी जांच की जा रही है।