छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू का कहर जारी

a15

बिलासपुर। रायपुर के अंबेडकर अस्पताल में स्वाइन फ्लू से पीड़ित 23 साल की युवती ने शनिवार को दम तोड़ दिया। वहीं सिम्स, बिलासपुर में शुक्रवार रात स्वाइन फ्लू से संदिग्ध चार वर्षीय बच्चे की मौत हो गई।

सिम्स में एक दिन पहले ही बिलाईगढ़ निवासी अमरू पटेल के बेटे समीर को भर्ती करवाया गया था। सिम्स व अपोलो हॉस्पिटल में नौ संदिग्ध मरीज भर्ती हैं। इनमें से अपोलो में भर्ती मरीज की स्थिति गंभीर है। बिलासपुर जिले में स्वाइन फ्लू संदिग्ध मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

16 फरवरी को अपोलो में भर्ती स्वाइन फ्लू के मरीज की मौत हो गई थी। इसके पांच दिन बाद सिम्स में दूसरी मौत हो गई।

माहुलडीह, बिलाईगढ़ के अमरू पटेल के बेटे चार वर्षीय समीर पटेल को सिम्स लाया गया था। उसे सर्दी-बुखार के साथ पेट में दर्द और सांस लेने में परेशानी थी। डॉक्टरों ने उसे स्वाइन फ्लू का संदिग्ध मानते हुए उसी वार्ड में भर्ती तो कर लिया, लेकिन इलाज पर ध्यान नहीं दिया। एक बेड पर लिटा दिया गया, जिस पर चादर-कंबल तक नहीं था। बेहोशी की हालत में बच्चा बेड पर करीब तीन घंटे तक यूं ही पड़ा रहा। उसके साथ आई दादी डॉक्टर व स्टाफ का इंतजार करती रही। तीन घंटे बाद पहुंचे डॉक्टर ने उसे ऑक्सीजन मास्क लगाकर इलाज शुरू किया। रात को बच्चे की मौत हो गई।