A Youngster died in a road accident: पेपर देकर घर लौट रहे युवक की दर्दनाक मौत, धड़ से अलग हुआ सिर; वोटर आईडी से हुई शिनाख्त

Youth died in road accident in Janjgir: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में रायपुर से पेपर देकर अपने घर वापस लौट रहा युवक सड़क हादसे का शिकार हो गया। इस घटना में युवक की दर्दनाक मौत हो गई। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक सिर धड़ से अलग हो गया। जानकारी के अनुसार यह घटना देर रात में हुई। वहीं इस मामले में अभी अज्ञात वाहन की जानकारी नहीं मिल सकी है। घटना चांपा थाना इलाके का है।

जानकारी के अनुसार, रायगढ़ जिले के मुड़पार निवासी अमर लाल पटेल (34 वर्ष) पेपर देने के लिए रायपुर गया था। इसके बाद वह पेपर देकर रात में ही अपने घर वापस लौट रहा था। इस दौरान वह चांपा स्टेशन में उतर गया और पैदल ही चांपा रेलवे ओवरब्रिज होते हुए घर जा रहा था। इसी दौरान भीषण सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई। बताया गया कि, जब आसपास के लोग रात करीब 12 बजे घटनास्थल के पास पहुंचे। तब उन्होंने युवक की लाश देखी।

इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जहां घटनास्थल से कुछ दूर पर युवक का एक बैग मिला। उसके अंदर एक वोटर आईडी रखा हुआ था। जिसे देखने के बाद युवक की पहचान हो सकी। घटना की सूचना युवक के परिजनों को भी दी गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों के मुताबिक, अमर लाल रायपुर पेपर देने गया था और उसने कहा था कि, वह ट्रेन से आ रहा है, लेकिन चांपा में ही क्यों उतार गया, ये हमें भी नहीं पता है।

पुलिस ने बताया कि, वह चांपा स्टेशन से उतरने के बाद लिफ्ट लेकर ही ओवरब्रिज तक पहुंचा था। इसके बाद वह आगे फिर से लिफ्ट लेने की कोशिश में था। इस दौरान यह हादसा हो गया। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।