दूसरे दिन भी जारी रही जीवनदीप कर्मचारियो की हडताल : पसरी रही गंदगी

  • दूसरे दिन भी काम पर नहीं गये जीवन दीप कर्मचारी
  • वार्डों में गंदगी का आलम, नेता गिरी हावी

अम्बिकापुर

गुरूवार को एक सूत्रीय मांगों को लेकर शासकीय रघुनाथ जिला चिकित्सालय में कार्यरत जीवन दीप समिति के सफाई कर्मचारियों के अलावा रसोई व अन्य कर्मचारियों ने काम बंद कर अनिश्चित कालीन हड़ताल शुरू कर दिया था। आज दूसरे दिन भी हड़ताल जारी रही।  हालांकि कुछ कर्मचारियों को काम पर लौटने से थोड़ी बहुत सफाई जरूरी हुई, परंतु वार्ड में अभी भी गंदगी का आलम बना हुआ है। हड़ताल पर बैठे कर्मचारी असमंजस में हैं कि वे काम पर लौटे या नहीं। प्रबंधन बाहर निकाले गये कर्मचारियों को लेकर अभी तक कोई निर्णय नहीं ले सका है। वहीं उनके समर्थन में अन्य कर्मचारियों के सामने आने व काम बंद कर देने से उन्हें भी आने वाले समय में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

गौरतलब है कि जीवन दीप के 25 कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाने के बाद गुरूवार से उनके समर्थन में अस्पताल के अन्य जीवन दीप कर्मचारी हड़ताल पर चले गये थे। स्वच्छक कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने से अस्पताल में चारों ओर गंदगी का आलम देखने को मिल रहा है, वहीं मरीजों को मिलने वाले भोजन में भी लेटलतीफी देखने को मिल रही है। आज दूसरे दिन भी कर्मचारी रामानुज क्लब में हड़ताल पर बैठे रहे। आम आदमी पार्टी के कुछ पदाधिकारियों ने हड़ताल में पहुंचकर कर्मचारियों को  न्याय दिलाने का आश्वासन भी दिया है। बहरहाल प्रबंधन अस्पताल की बदहाल व्यवस्था को देखते हुये इसकी जानकारी कलेक्टर को दे दी है।