Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों में आज हल्की से मध्यम वर्षा के आसार



Raipur News: छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिमी मानसून इस महीने के अंत तक विदा हो जाएगा। अगले सप्ताह से इसकी विदाई की प्रक्रिया आरंभ हो जाएगी। मौसम विभाग का कहना है कि इस बार मानसून की शीघ्र विदाई के संकेत मिल रहे हैं।

हालांकि इस बार का मानसून छत्तीसगढ़ को लबालब कर चुका है। यहां सामान्य से नौ प्रतिशत अधिक वर्षा हो चुकी है। विदाई के पहले तक इसमें और भी वृद्धि होने की संभावना है।

छत्तीसगढ़ में औसत रूप से 1147 मिमी वर्षा होती है। इस वर्ष अब तक 1153 मिमी वर्षा हो चुकी है। कई जिले जिसमें विशेष रूप से बस्तर के जिले शामिल हैं, वहां औसत वर्षा का प्रतिशत 50 को भी पार कर चुका है। बीजापुर में सर्वाधिक 2391 मिमी वर्षा हुई है।

वर्षा के इस बढ़िया आंकड़ों के बीच छत्तीसगढ़ के लगभग आधा दर्जन जिलों में अब भी सामान्य वर्षा नहीं हो पाई है। प्रदेश के उत्तरी क्षेत्र के कई जिलों में अब भी वर्षा का स्तर सामान्य से कम है। इधर, प्रदेश में अब एक मानसून द्रोणिका बनी हुई है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई भागों में हल्की वर्षा होने की संभावना है। इसके प्रभाव से बुधवार को प्रदेश भर में मेघ छाए रहे। कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हुई।

इन क्षेत्रों में हुई वर्षा

कुसमी 12 मिमी, जशपुर नौ मिमी, प्रेमनगर आठ मिमी, मनोरा में सात मिमी, कटघोरा और बगीचा में छह-छह मिमी वर्षा हुई। इसके साथ ही प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई।