Chhattisgarh News: भूपेश कैबिनेट की बैठक आज, शिक्षकों की भर्ती सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर होगी चर्चा



Raipur News: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में मंगलवार को राज्य कैबिनेट की बैठक होगी। बैठक मुख्यमंत्री के निवास कार्यालय में सुबह 11 बजे प्रस्तावित है। इसमें करीब डेढ़ महीने बाद हो रही कैबिनेट की इस बैठक में कुछ महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना जताई जा रही है। इससे पहले राज्य कैबिनेट की 14 जुलाई को बैठक हुई थी।

सूत्रों के अनुसार स्वामी आत्मानंद स्कूल और शिक्षकों की भर्ती सहित 15 अगस्त को मुख्यमंत्री की तरफ से की गई घोषणाओं को अनुमोदन के लिए कैबिनेट में रखा जा सकता है। इसके साथ ही राज्य के कुछ जिलों में सूखे की स्थिति बनी हुई है। बैठक में सूखे की स्थिति के साथ ही खरीफ सीजन में खेती की स्थिति की समीक्षा की जा सकती है।

कलेक्टर्स कांफ्रेंस स्थगित

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल राजधानी रायपुर में प्रदेश के सभी कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक करने वाले थे। यह बैठक नौ और 10 सितंबर को नए सर्किट हाउस में प्रस्तावित थी, लेकिन अब यह बैठक स्थगित कर दी गई है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री की व्यस्तता की वजह से बैठक टाली गई है, जल्द ही नई तारीख तय की जाएगी।

लोकतंत्र के आगे झुकना पड़ता है अनैतिक बल को: सीएम बघेल

झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार के बहुमत सिद्ध करने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गदगद नजर आए। बघेल ने मीडिया से चर्चा में कहा कि रणनीति वहीं की काम आई है, हमने सिर्फ सहयोग किया है। झारखंड के विधायक छह दिन तक रायपुर के मेफेयर रिसोर्ट में डेरा डाले हुए थे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट करके कहा कि विधानसभा में लोकतंत्र का विश्वासमत जीतने पर झारखंड के मुख्यमंत्री सोरेन को बधाई। लोकतंत्र के आगे हर अनैतिक बल को झुकना पड़ता है। जय जोहार।