CG News: पिता ने बेटी को साथ भेजने से मना किया तो टॉवर पर चढ़ा दामाद, आत्महत्या की दी धमकी; जानें फिर क्या हुआ…



अपनी पत्नी को लेने के लिए ससुराल आए एक युवक ने बिजली के टावर पर चढ़कर करीब एक घंटे तक नौटंकी की। उसकी पत्नी तीज के समय मायके आई थी। वो अपनी पत्नी को लेने के लिए ससुराल आया था। लेकिन, उसके ससुर ने पत्नी को भेजने से मना कर दिया। इस बात से नाराज होकर वो बिजली के टावर पर करीब 70 फीट की ऊंचाई पर चढ़ गया और आत्महत्या की चेतावनी देने लगा। इसकी जानकारी लगने पर पुरानी भिलाई पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाकर नीचे उतारा।

जानकारी के मुताबिक ग्राम देवगांव खरोरा जिला रायपुर निवासी होरीलाल पारधी (30) अपनी पत्नी को लेने के लिए अपने ससुराल गनियारी भिलाई-3 आया हुआ था। उसने अपने ससुर से पत्नी को भेजने के लिए कहा। लेकिन, उसके ससुर ने उसकी बात नहीं मानी और पत्नी को भेजने से इन्कार कर दिया। इससे नाराज होकर वो गनियारी के हाई टेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया। टावर की ऊंचाई करीब 75 फीट है और वो 70 फीट ऊंचाई तक चढ़ गया था। स्थानीय लोगों ने उसे बिजली के टावर पर चढ़ते हुए देखा तो पुलिस को जानकारी दी।

इस पर पुरानी भिलाई पुलिस वहां पहुंची और युवक से बात की। शुरू में पुलिस की बात मानने से इनकार करता रहा। उसका कहना था कि यदि उसकी पत्नी उसके साथ नहीं जाएगी तो टावर से कूदकर आत्महत्या कर लेगा। पुलिस ने से समझाइश दी तब वो नीचे उतरा। इसके बाद पुरानी भिलाई थाना की पुलिस ने उसे उसके ससुराल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी तीज मनाने के लिए मायके आई हुई थी।

इसके बाद से वो ससुराल नहीं लौटी थी। लगातार फोन करने के बाद भी जब उसकी पत्नी ससुराल नहीं लौटी तो होरीलाल पारधी मंगलवार को खुद ही गनियारी आ गया। लेकिन, यहां पर भी उसके ससुर ने उसकी पत्नी को भेजने से इन्कार कर दिया। जिसके बाद वो बिजली के टावर पर चढ़ गया। जिस समय वो बिजली के टावर पर चढ़ा था। उस समय भी सप्लाई चालू थी। लेकिन, युवक को कोई हानि नहीं हुई।

पुरानी भिलाई थाना के टीआई मनीष शर्मा ने इस मामले में कहा, पुलिस जवान ने युवक को समझाकर बिजली टावर से नीचे उतारा। वो अपनी पत्नी को लेने के लिए ससुराल आया था। लेकिन, उसके ससुर ने उसकी पत्नी को भेजने से इनकार कर दिया था। जिससे नाराज होकर वो टावर पर चढ़ गया था।