CG News: देर रात खुलने वाले होटल, बार, रेस्टोरेंट संचालकों को एसएसपी ने दी चेतावनी



पिछले कुछ दिनों से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में लगातार अपराध हो रहे हैं। अपराधियों के मन से पुलिस का भय खत्म हो गया है। आम जनता दहशत में हैं। अपराधी खुलेआम घटना को अंजाम दे रहे हैं। अपराध को अंकुश लगाने के लिए एसएसपी पारुल माथुर अब खुद सड़क पर उतर गई है। शुक्रवार की रात 10 बजे पुलिस अधिकारियों के साथ काम्बिंग गश्त किया। इस दौरान एसएसपी माथुर ने देर रात खुलने वाले होटल, बार, रेस्टोरेंट संचालकों को समय पर दुकान बंद करने की समझाईश दी। साथ ही नियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी।

आगामी त्योहारों को मद्देनज़र रखते हुए कानून व्यवस्था की दृष्टि से आपराधिक व असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश देने शुक्रवार की रात पारुल माथुर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष अभियान में तहत रात 10 बजे से कम्बिंग गश्त कर शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर चेकिंग किया गया। इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन, नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली, उप पुलिस अधीक्षक यातायात व शहर के सभी थाना प्रभारी व स्टाफ और उनकी पेट्रोलिंग एवं यातायात के कर्मचारीगण दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों सहित शामिल हुए।

विशेष रात्रि कंबिंग गश्त के दौरान रूट निर्धारित कर फ़्लैग मार्च किया गया एवं समस्त चौक चौराहों पर चेकिंग कार्यवाही की गयी। यह अमला पुलिस लाइन से निकाल कर सत्यम चौक, पुराना बस स्टैंड, शिव टॉकीज़ चौक, तारबाहर चौक, रेल्वे स्टेशन, मेगनेटो माल, महाराणा प्रताप चौक, मंगला चौक, नेहरू चौक, महामाया चौक, रिवर व्यू, कोतवाली चौक, तेलीपारा, अग्रसेन चौक, मगरपारा चौक, इंदू चौक, राजीव गांधी चौक, राजेंद्रनगर चौक से होते हुए पुलिस लाइन में खत्म हुआ।

इसके उपरांत राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में सभी थाना प्रभारियों द्वारा अपने अपने क्षेत्र में सघन पेट्रोलिंग की गई। गश्त के दौरान रात्रि में अनावश्यक घूमने वालों को हिदायत दी गई। चौक पर आने जाने वाले वाहनो की चेकिंग की गई। बेतरतीब खड़ी दोपहिया व चारपहिया वाहनों को लॉक किया गया। शहर से जाने वाले भारी वाहनों की जांच की गई। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर मोटर व्हीकल ऐक्ट के तहत कार्यवाही की गई। वाहनों की चेकिंग पर आपत्तिजनक सामान पाए जाने से वैधानिक कार्यवाही की गई। अभियान के दौरान संदिग्धों गतिविधियों में संलिप्त पाए गए व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की गई। बिलासपुर पुलिस द्वारा इस तरह का विशेष अभियान समय समय पर चलाया जाएगा।