CG News: असम के लड़के को छत्तीसगढ़ की शादीशुदा महिला से हुआ प्यार, रिश्ता तोड़ने की बात कहने पर रॉड से किया हमला



छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक युवक ने अपनी प्रेमिका पर हमला कर दिया है। गंभीर हालत में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि महिला के प्रेम में पागल युवक असम से रायपुर पहुंचा हुआ था। पिछले तीन माह से वह रायपुर में ही रह रहा था। अचानक उसकी महिला प्रेमिका ने उससे रिश्ता तोड़ने की बात कही तो गुस्साए प्रेमी ने महिला पर लोहे के राड से उसके सिर, हाथ और कमर पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। इस घटना में महिला घायल हो गई है। उरला थाना में महिला ने शिकायत में अपने प्रेमी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

महिला के मुताबिक योयो एप के जरिये उसकी बातचीत असम के संजीत शाह से हुई। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था। संजीत असम से कई बार रायपुर उससे मिलने भी आया। 9 माह पहले भी आया था। दोनों की मुलाकात भी हुई। तीन माह पहले संजीत रायपुर के उरला इलाके में बस गया। यहां किसी फैक्ट्री में काम करना शुरू कर दिया। 17 सितंबर को ओरछा के पास संजीत से मुलाकात हुई। इस दौरान महिला ने प्रेमी संजीत से रिश्ता खत्म करने की बात कही। जिसके बाद संजीत भड़क गया और महिला के बदसलूकी की और अपशब्‍द कहने लगा। इसके बाद प्रेमी ने गुस्‍से में अपने पास रखे लोहे के राड से हमला कर दिया और फरार हो गया।

बताया जा रहा है कि महिला की 12 वर्ष पहले शादी हुई थी। उसकी एक 8 साल की बेटी है। 5 साल पहले पति से संबंध खराब होने के बाद रायपुर में अपने मायके में रहने लगी थी। महिला की उम्र करीब 33 साल है, जबकि आरोपी संजीत शाह 27 साल का है। उरला थाना प्रभारी सुरेश ध्रुव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। जल्द ही आरोपित भी पकड़ा जाएगा।