CG: शादी के पांच महीने बाद विवाहिता ने की खुदकुशी, ससुराल वाले दहेज के लिए करते थे प्रताड़ित



दुर्ग भिलाई। जिले में शादी के पांच महीने बाद ही दहेज के लिए प्रताड़ित कर नवविवाहिता को आत्महत्या के लिए विवश करने वाले आरोपित ससुराल वालों को नंदिनी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ दहेज हत्या की धारा के तहत कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा है।

पुलिस ने बताया कि 17 अगस्त को राधिका गायकवाड़ ने अपने ससुराल ग्राम पिटौरा में खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आत्मदाह कर लिया था। मृतका के मायके वालों के बयान में पता चला कि पांच महीने पहले ही उसकी शादी आरोपित पति टुमन लाल से हुई थी।

शादी के बाद से उसे दहेज के लिए काफी ज्यादा प्रताड़ित किया जाता था। जिससे तंग आकर उसने आत्मदाह किया था। पुलिस ने बयान के आधार पर आरोपित पति टुमन लाल (27 वर्ष), ससुर धरमदास उर्फ बंगू (55 वर्ष), सास दुरपति गायकवाड़ (42 वर्ष) और ननंद कुमारी ज्योति गायकवाड़ के खिलाफ प्राथमिकी की गई थी। पुलिस ने मंगलवार को चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।