अब पीएम मोदी की मूर्ती बलूचिस्तान में..!

बलूचिस्‍तान बना तो पहली मूर्ति हमारे हीरो नरेंद्र मोदी की लगेगी-नायला कादरी

बलूचिस्‍तान की महिला नेता नायला कादरी ने बयान दिया है कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके लोगों के हीरो हैं। वाराणसी में आयोजित दो दिवसीय संस्कृति संसद में विश्व बलूच महिला संघ की अध्यक्ष नायला कादरी ने पाकिस्तान, चीन के साथ मिलकर बलूचिस्तान में बलूच नस्ल को ही खत्म करना चाहता है। पाकिस्‍तान बलूच लोगों का नरसंहार कर रहा है। उन्‍होंने कहा कि अगर भारत सरकार ने अनुमति दी तो बलूचिस्तान की निर्वासित सरकार का गठन वाराणसी में ही किया जाएगा। बलूच आजादी का मुद्दा उठाने पर नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए नायला ने कहा कि बलूचिस्तान आजाद होता है तो वहां भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिमा लगेगी।

उन्‍होंने कहा, ”बलूचिस्‍तान अपनी आजादी के लिए लड़ाई लड़ रहा है। मोदीजी ने जिस करेज और जुर्रत के साथ वह काबिले तारीफ है। वर्ल्‍ड के किसी नेता ने हमारी आवाज नहीं उठाई। 70 सालों में पाकिस्‍तान हम पर जुल्‍म कर रहा है। मोदीजी तो हमारे हीरो हैं। मोदीजी हमारे भाई हैं।”

उन्‍होंने कहा, ”हम बलोच एक कटोरे पानी के बदले में सौ साल की वफा देते हैं। हमने जान देकर अब तक माता हिंगलाज के मंदिर को सहेजा है। नायला ने स्पष्ट किया कि बलूचिस्तान को आजाद कराने में भारत यदि साथ रहता है तो उसके दूरगामी फायदे भी होंगे। एक तो भारत अपनी संस्कृति के मुताबिक मददगार की परंपरा का निर्वाह करेगा, दूसरे आने वाले समय में बलूचिस्तान ऊर्जा के क्षेत्र में मदद मिलेगी। मध्य एशिया के बाजार का सीधा रास्ता भारत को आजाद बलूचिस्तान से मिलेगा। हिंग्लाज माता के दर्शन के लिए किसी भारतीय को वीजा लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

बलूच नेता ने पाकिस्‍तान पर हमला बोलते हुए कहा कि पाकिस्तान इस्लाम का सबसे बड़ा दुश्मन है। वो इस्लाम के नाम दहशतगर्दी करते हुए अब तक 30 लाख बंगाली मुसलमानों, 40 लाख अफगानी मुसलमानों और दो लाख से अधिक बलूचों की हत्या कर चुका है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्‍त के भाषण में बलूचिस्‍तान का जिक्र किया था। इसके बाद बलूच आजादी की मांग तेज हुई है। कई देशों में पाकिस्‍तान के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं।