सड़क दुर्घटना में घायल पत्रकार संजीव शर्मा का इलाज के दौरान रायपुर में दुखद निधन..जांजगीर जिले के मीडिया प्रतिनिधियो ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

जांजगीर-चांपा। सप्ताह भर पहले सड़क दुर्घटना में घायल जांजगीर चांपा पत्रिका के ब्यूरो चीफ संजीव शर्मा का इलाज के दौरान शुक्रवार की रात रायपुर के एक निजी अस्पताल में दुखद निधन हो गया। उनके पार्थिव शरीर को शनिवार की सुबह उनके गृह ग्राम बक्सर बिहार के लिए रवाना कर दिया गया है। उनके निधन के बाद जांजगीर के पत्रकार जगत में शोक की लहर दौड़ गई। मृतआत्मा की शांति के लिए पत्रिका जांजगीर कार्यालय एवं कलेक्टोरेट के जनसंपर्क कार्यालय में दो मिनट का मौन धारण  किया गया।
गौरतलब है कि २१ नवंबर की रात संजीव अपने निजी कार्य से रायगढ़ गए थे। रात को उनकी बाइक अनियंत्रित होने के कारण डिवाइडर से टकरा गई थी। इससे उनके सिर में गंभीर चोटें आई थी। उन्हें गंभीर अवस्था में रायगढ़ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तीन दिन इलाज करने के बाद रायगढ़ के डॉक्टरों ने उसे रायपुर रेफर कर दिया था। रायपुर में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन शुक्रवार की देर रात उनका असामयिक निधन हो गया। सरल एवं सहज स्वभाव के धनी संजीव शर्मा के निधन की खबर पाकर जांजगीर -चांपा एवं रायगढ़ जिले में शोक की लहर दौड़ गई। उनकी निधन के बाद शनिवार को पत्रिका के जांजगीर, कोरबा, बिलासपुर एवं रायगढ़ कार्यालय में दो मिनट की शोक सभा का आयोजन किया गया। वहीं जांजगीर कलेक्टोरेट के जनसंपर्क कार्यालय में मृतआत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण किया गया। ज्ञात हो कि संजीव मूलत: बिहार के रहने वाले थे। वे पिछले चार सालों से रायगढ़ पत्रिका में कार्यरत थे। इसके बाद उनका प्रमोशन होने के बाद ५ अक्टूबर को जांजगीर-चांपा पत्रिका के ब्यूरोचीफ बनाए गए थे।
————–

Attachments area