बोलेरो वाहन पुलिया से नीचे गिरी…. 3 की दर्दनाक मौत

  • बारात से लौट रही बोलेरो वाहन पुलिया से नीचे गिरी, तीन की दर्दनाक मौत, दो गंभीर

अम्बिकापुर

लखनपुर क्षेत्र के ग्राम खेदम में शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रही बोलेरों वाहन के अनियंत्रित होकर उदयपुर ढाब घुनघुट्टा नदी पुलिया के पास गड्ढे में गिर जाने से वाहन में सवार चालक सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, तो वहीं वाहन मालिक सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं।

जानकारी के अनुसार बतौली क्षेत्र के ग्राम खम्हारपारा निवासी प्रकाश सिंह अपने बोलेरो वाहन से रिश्तेदार सत्येन्द्र कुमार सिंह कवंर पिता श्रीराम सिंह कवंर 40 वर्ष, देवगढ निवासी बुधियारों पति बिजेश्वर 60 वर्ष, वाहन चालक ग्राम बोदा निवासी शिव प्रसाद पिता स्व. गोविन्द प्रसाद कंवर 45 वर्ष व पुष्पा बाई सहित अन्य लोगों के साथ लखनपुर क्षेत्र के ग्राम खेमद निवासी महेश्वर पैकरा की शादी समारोह में सामिल होने 27 अपै्रल की सुबह निकले। रात लगभग 1 बजे के बाद शादी समारोह में शामिल होकर वापस घर लौट रहे थे तभी लखनपुर रोड़ स्थित उदयपुर ढाब घुनघुट्टा नदी पुलिया के पास पहुंचे तो वाहन चालक शिव प्रसाद वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वाहन अनियंत्रित होकर पुलिया के करीब खाईनुमा गड्ढे में जा पलटी, जिससे वाहन में सवार चालक शिव प्रसाद, श्रीमती बुधियारों व सत्येन्द्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि वाहन में सवार प्रकाश सिंह व पुष्पा बाई गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना की जानकारी लगने पर मणिपुर पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंच तत्काल मृतक व घायलों को गड्ढा में गिरे वाहन से निकलवा और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां घायलो का उपचार जारी व एक की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौप दिया हैं।