मंत्री टीएस सिंहदेव ने BJP में शामिल होने की बात पर ये कहा है?



Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा है कि किसी भी सूरत में मैं BJP में शामिल नहीं होऊंगा। जब मैंने पंचायत मंत्री के पद से इस्तीफा दिया और कॉपी को सार्वजनिक किया था तो मेरे भी कान पकड़े गए थे। BJP में हो रहे फेरबदल को लेकर कहा कि, हमें खुद के घर की चिंता करनी चाहिए। कांग्रेस पार्टी में चल रही अंतर्कलह के सवाल पर कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं है। यदि अंदर कुछ है तो ऐसा होना नहीं चाहिए।

टीएस सिंहदेव दो दिवसीय बस्तर दौरे पर हैं। एक दिन पहले उन्होंने बस्तर वासियों को स्वास्थ्य के क्षेत्र में 12 करोड़ 66 लाख के विकास कार्यों की सौगात दी थी। वहीं शुक्रवार को उन्होंने जगदलपुर में पत्रकारों से चर्चा की। इस दौरान जब उनसे पूछा गया कि, केंद्र के किसी मंत्री ने छत्तीसगढ़ के CM भूपेश बघेल को भगवान कहा है, तब इस पर उन्होंने जवाब दिया कि, मैं किसी भी राजनीतिक व्यक्ति को भगवान नहीं मानता। CM को भी मानव मानता हूं। स्वामी विवेकानंद भी मानव थे। लेकिन, वे अति विशेष मानव थे।