धूमधाम से मनाया गया नागपंचमीे..अखाड़े में पहलवानों ने दिखाई जोर अजमाईश…

अम्बिकापुर

रविवार नागपंचमी को अम्बिकापुर नगर एवं जिले में धूमधाम से मनाया गया। एक ही दिन दो पूजा विधान होने से मंदिरों एवं शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। स्कूल रोड स्थित हनुमान मंदिर में नागपंचमी को लेकर अखण्ड रामायण पाठ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विशेष पूजा अर्चना की गई।  इसके पश्चात् नगर के प्रमुख मार्गों में शोभा यात्रा निकाली गई। नागपंचमी के अवसर पर हनुमान मंदिर में भंडारे का आयोजन भी किया गया। रविवार को नागपंचमी का त्यौहार दुर्लभ संयोग के बीच मनाया गया। 13 साल बाद नागपंचमी पर विशिष्ट योग बना था। हनुमान मंदिर के पुजारी अनिल पाण्डेय के मुताबिक नागपंचमी के दिन सूर्य और बृहस्पति सिंह राशि में और चंद्रमा कन्या राशि में हैं। सूर्य, गुरू, और युति संयोग का ऐसा संयोग 13 साल बाद हुआ है। यह संयोग सुख-शांति और समृद्धिकारक है। पुजारी के मुताबिक रविवार को सूर्य के नक्षत्र उत्तरा भाद्रपद में तीन सिद्धियों में नाग देवता का पूजन किया गया।
मंदिरों में पूजा-पाठ के साथ-साथ नागपंचमी पर दंगल की प्रतियोगिता सरगुजा कुश्ती महासंघ के तत्वाधान में मल्टीपरपज ग्राउंड में इस वर्ष आयोजित की गई थी। सरगुजा कुश्ती महासंघ द्वारा मल्टीपरपज स्कूल मैदान में व मणीपुर बाबा विश्वनाथ मंदिर के सामने भी दंगल प्रतियोगिता कराई गई। मल्टीपरपज ग्राउंड में कुश्ती प्रतियोगिता प्रातरू 10 बजे से प्रारंभ हुआ। इस प्रतियोगिता में सीनियर एवं जूनियर के लगभग 150 प्रतियोगियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन ने खेल एवं युवा कल्याण मंत्री भईयालाल राजवाड़े शामिल हुये व विजय प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री अनुराग सिंहदेव, वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सिंह मेजर, ललन प्रताप सिंह, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष जन्मेजय मिश्रा, बबलू सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।