वाह : अब तो एसपी साहब भी शिक्षक बन जाते है……….

जशपुरनगर (तरुण प्रकाश)  आज पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह ठाकुर गुरूवार को गुरु की भूमिका में नजर आए, दरअसल एसपी साहब डाॅ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम शिक्षा गुणवत्ता अभियान के तहत कुनकुरी जनपद के बतनीडांड और खंडसा प्राथमिक शाला का निरीक्षण किया,,, दोनों शालाओं निरीक्षण के दौरान शासन द्वारा निर्धारित रूब्रीक्स प्रपत्र के आधार पर आंकलन किया, कक्षा में जाकर बच्चों से सवाल पूछे,,  इस अवसर पर उन्होंने शाला विकास समिति के सदस्यों और पालकों से चर्चा कर बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए समझाईश दी। उन्होंने बच्चों को मिलने वाले मध्यान्ह भोजन को चखकर उसकी गुणवत्ता देखी। 

शासन द्वारा आबंटित इन दोनों शालाओं के निरीक्षण के लिए पुलिस अधीक्षक ने कक्षाओं में जाकर बच्चों से बातचीत की, उन्हें पढ़ाई के लिए प्रेरित किया। साथ ही बच्चों से सामान्य ज्ञान, पहाड़ा पूछा। बच्चों ने उन्हें पहाड़े सुनाए और कविता भी सुनाई। शिक्षण अधिगम सामग्री के माध्यम से भी उन्होंने बच्चों से सवाल पूछे और शिक्षकों को अधिगम सामग्री के नियमित उपयोग करने के निर्देश दिए। स्कूल में बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता को जांचने के लिए उन्होंने स्वयं मध्यान्ह भोजन चखकर देखा। शाला विकास समिति के सदस्यों और पालकों से चर्चा करते हुए उन्होंने समझाईश दी की रोज अपने बच्चों को स्कूल भेजें। उन्होंने शासन द्वारा दिए जा रहे शाला गणवेश, मध्यान्ह भोजन, किताबों के संबंध में चर्चा की।

548 स्कूलों का किया जा रहा निरीक्षण
प्रदेश के स्कूलों में शिक्षा गुणवत्ता बढ़ाने के लिए डाॅ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम शिक्षा गुणवत्ता अभियान चलाया जा रहा है। जिले में सामाजिक अंकेक्षण के बाद चिन्हांकित 548 स्कूलों का निरीक्षण किया जा रहा है। जिसमें 470 प्राथमिक शाला और 78 पूर्व माध्यमिक शाला सम्मिलित हैं। निरीक्षण के लिए राज्य और जिला स्तर से अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है और जनप्रतिनिधियों की सेवाएं भी ली जा रही है। इसके अंतर्गत कक्षा पहली से आठवीं तक के सी एवं डी ग्रेड के स्कूलों में 10 बिंदुओं के आधार पर प्रत्येक कक्षा का आंकलन किया जाना रहा है।