खेल अकादमी में बालक-बालिका को नि:शुल्क खेल प्रशिक्षण.. 14 फरवरी तक करें अपना पंजीयन..


नारायणपुर। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आगामी वित्तीय वर्ष से बिलासपुर में भारत सरकार की खेलो इण्डिया योजनान्तर्गत ’’खेलो इंडिया सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’’ प्रारंभ किया जा रहा है। यह सेन्टर एक आवासीय खेल अकादमी होगी जिसमें हॉकी, एथलेटिक्स एवं तीरंदाजी के बालक बालिकाओं को खेल का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। बिलासपुर के साथ-साथ रायपुर में भी खेल विभाग द्वारा राज्य स्तरीय खेल अकादमी प्रारंभ की जा रही है। जिसमें हॉकी, एथलेटिक्स एवं तीरंदाजी का खेल प्रशिक्षण प्रदाय किया जायेगा।

आवासीय खेल आकादमी रायपुर एवं बिलासपुर में जिन बालक-बालिकाओं को प्रवेश मिलेगा, उन्हें आवास, भोजन, शैक्षणिक व्यय, खेल परिधान, दुर्घटना बीमा, खेल प्रशिक्षण की सुविधाएं, खेल विभाग द्वारा निःशुल्क उपलब्ध करायी जाऐगी।

रायपुर एवं बिलासपुर की अकादमी में प्रवेश हेतु 09 से 17 वर्ष तक आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं जो हॉकी, एथलेटिक्स, तीरंदाजी में रूचि रखते हैं। बिलासपुर या रायपुर में नियमित रूप से रहकर खेल प्रशिक्षण प्राप्त करना चाहते हैं, वे चयन प्रक्रिया में सम्मिलित हो सकते है। जिला स्तरीय सलेक्शन ट्रायल 15 से 17 फरवरी, 2021 के मध्य समय 10.00 बजे से बालक क्रीड़ा परिसर मैदान, नारायणपुर आयोजित किया जायेगा। चयन प्रक्रिया में सभी खिलाड़ियों का बैटरी टेस्ट एवं खेल विधावार कौशल टेस्ट किया जावेगा।


जिला स्तरीय सलेक्शन ट्रायल में चयनित बालक बालिकाओं को राज्य स्तरीय सलेक्शन ट्रायल में सम्मिलित कराया जायेगा, जिसमें जिले से भाग लेने वाले खिलाड़ियों की अधिकतम संख्या हॉकी में 10-10 बालक-बालिका, एथलेटिक्स में 12-12 बालक-बालिका एवं तीरंदाजी में 06-06 बालक-बालिका है।

राज्य स्तरीय सलेक्शन ट्रायल में भाग लेने हेतु आने जाने का व्यय खेल विभाग द्वारा वहन किया जायेगा। राज्य स्तरीय सलेक्शन ट्रायल में चयनित बालक बालिकाओं को पात्रता संबंधी अन्य अर्हताओं को पूर्ण करने की स्थिति में अकादमी में प्रवेश दिया जाएगा तथा उनके लिए निःशुल्क खेल प्रशिक्षण, शिक्षा, आवास एवं भोजन आदि की व्यवस्था की जाएगी।

जिले के ऐसे खिलाड़ी बालक-बालिकाएं जिनकी आयु 09 से 17 वर्ष तक है तथा जो बिलासपुर या रायपुर की खेल अकादमी में प्रवेश लेने के इच्छुक हैं, वे अपना नाम, पिता का नाम, जन्म तिथि, पूर्ण पता, मोबाईल नम्बर, खेल का नाम, अपने अभिभावक का सहमति पत्र की जानकारी प्रस्तुत कर कार्यालय खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण, कलेक्टोरेट परिसर नारायणपुर एवं क्रीड़ा परिसर, नारायणपुर में अपना पंजीयन, दिनांक 14 फरवरी 2021 तक करा सकते हैं।

इस सम्बंध में अधिक जानकारी हेतु जी.पी. देवांगन, खेल अनुदेशक मो.नं. 9424292250, रामसाय वड्डे, खेल अनुदेशक, मो.नं. 9406336061 एवं डिकेश्वर साहू मो.नं. 9755415443 में सम्पर्क किया जा सकता है।